यूपी – मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल के मेरठ मंडल अर्बन कमेटी प्रभारी और अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष इन्दरजीत सिंह टीटू ने सभी वर्गों के लोगों को पार्टी से जुड़ने का खुला निमंत्रण दिया है। उन्होंने मेरठ मंडल के छह जिलों के युवाओं, किसानों, मातृशक्ति और विभिन्न समाजों से अपील करते हुए कहा कि जो लोग समाज और राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है।
इन्दरजीत सिंह टीटू ने कहा कि अक्सर यह भ्रम फैलाया जाता है कि राष्ट्रीय लोकदल केवल ग्रामीण क्षेत्रों तक सीमित है, जबकि यह पूरी तरह गलत है। उन्होंने बताया कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजीत सिंह और वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह की नीतियों और कार्यशैली से प्रभावित लोग पार्टी में शामिल होकर अपनी सेवाएं दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ताओं को नेतृत्व से सीधे संवाद का अवसर मिलता है और उनकी मेहनत का सम्मान किया जाता है। साथ ही, केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ भी समाज तक पहुंचाने में मदद मिलती है। टीटू ने सभी से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत बनाने के लिए आगे आएं और सक्रिय भागीदारी निभाएं।








