
यूपी – गाजियाबाद भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद द्वारा मिशन शक्ति की अनिवार्यता को समझते हुए इनर व्हील क्लब गाजियाबाद ग्रेटर के सौजन्य से गाजियाबाद के ग्रामीण क्षेत्र रघुनाथपुर के कंपोजिट विद्यालय में गांव की महिलाओं व बेटियों के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन व इंसीनेटर की स्थापना पुलिस कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त प्रिया श्रीपाल के कर कमलों द्वारा की गई।

रेड क्रॉस सभापति सुभाष गुप्ता ने बताया कि इस कार्यक्रम की मुख्य रूपरेखा रेड क्रॉस गाजियाबाद की ब्रांड एंबेसडर रिचा सूद के द्वारा इनर व्हील अध्यक्ष सुषमा गुप्ता के नेतृत्व में तैयार की गई।
मिशन शक्ति के महत्व को बताते हुए उपस्थित छात्राओं, शिक्षिकाओं व ग्राम वासी महिलाओं व बेटियों को महिला सुरक्षा के दायित्व व अधिकारों के बारे में प्रिया श्रीपाल व रिचा सूद ने सरल भाषा में समझाया।
एम. सी. गौड़ ने रेड क्रॉस और इनर व्हील की सेवाओं के बारे में संक्षिप्त रूप से बताते हुए सभी उपस्थित जनों को बड़ों का आदर व छोटों को स्नेह करने की नेक सलाह दी और बताया कि आज के कार्यक्रम से पर्यावरण संरक्षण के साथ साथ बहन बेटियों के स्वास्थ्य पर भी अनुकूल प्रभाव पड़ेगा जिसका श्रेय रेडक्रॉस ब्रांड एंबेसडर रिचा सूद को जाता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में रेड क्रॉस गाजियाबाद के सभापति को पगड़ी पहना कर विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्वागत किया गया तथा मुख्य अतिथि का स्वागत व आभार इनर व्हील क्लब अध्यक्ष सुषमा गुप्ता द्वारा प्रकट किया गया। रेड क्रॉस और इनर व्हील द्वारा प्रदत्त कार्यक्रम की उपयोगिता जान कर सभी लाभार्थी बहुत खुश हुए।








