एआईएमआईएम के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद फरहान साथियों सहित सपा में शामिल

यूपी – गाजियाबाद। समाजवादी पार्टी की 56 गाजियाबाद सदर विधानसभा में पार्टी का कारवां लगातार बढ़ने का दावा किया जा रहा है। इसी क्रम में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के गाजियाबाद सदर के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष मोहम्मद फरहान ने अपने साथियों सहित समाजवादी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।

मोहम्मद फरहान ने समाजवादी पार्टी की विचारधारा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में विश्वास जताते हुए सपा के साथ जुड़ने का निर्णय लिया। उनके साथियों के पार्टी में शामिल होने से स्थानीय स्तर पर समाजवादी पार्टी को मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग और विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज खान ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी साथियों का स्वागत किया। अभिषेक गर्ग और शाहनवाज खान ने नए सदस्यों को समाजवादी पार्टी का पटका पहनाकर पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

विधानसभा अध्यक्ष शाहनवाज खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है। पार्टी का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

इस राजनीतिक घटनाक्रम को गाजियाबाद सदर विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के संगठन विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।