रेडक्रॉस सोसाइटी और रोटरी क्लबों की पहल, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने पर जोर

यूपी – गाजियाबाद। स्वस्थ माता ही स्वस्थ बच्चे को जन्म दे सकती है। इसी उद्देश्य से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण की चिंता करते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी गाजियाबाद के आह्वान पर पोषण पोटली वितरण अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शनिवार, 24 अक्टूबर को संजय नगर स्थित राजकीय संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में 105 पूर्व पंजीकृत गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की गई।

यह पहल रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अमित गुप्ता और प्रथम महिला स्वाति गुप्ता की प्रेरणा से संचालित की जा रही है। अभियान के अंतर्गत प्रत्येक माह चारों मातृत्व दिवस पर विभिन्न रोटरी क्लबों के सहयोग से गर्भवती महिलाओं को पोषण पोटली प्रदान की जाती है। इस पहल का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण के प्रति जागरूक करना और मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।
आयोजकों ने बताया कि यह सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी भावना के अनुरूप की जा रही है। अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की देखभाल और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है।
कार्यक्रम में सुभाष गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, विपिन अग्रवाल, अश्विनी शर्मा, पारुल त्यागी, संजीव जैन और शिशिर अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा अस्पताल के प्रसूति विभाग के चिकित्सकों और अन्य सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सहयोग किया।

