अधिवक्ता समाज के नेता, लोकतंत्र की मजबूती में निभाएं भूमिका: अर्जुन राम मेघवाल

यूपी – गाजियाबाद। नेहरूनगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभागार में 24 अक्टूबर को अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद का दो दिवसीय क्षेत्रीय अधिवेशन शुरू हुआ। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद की भारत के भविष्य को लेकर की गई भविष्यवाणी के अनुरूप 21वीं सदी भारत की होने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम और अधिवक्ता बीमा सहित परिषद के सुझावों पर काम करने का आश्वासन दिया।

विशिष्ट अतिथि परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी अध्यक्ष न्यायमूर्ति एन. नागरेश ने अधिवक्ताओं को समाज का नेता बताते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति समाज को जागरूक करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और वंदेमातरम गायन से हुआ। ब्रज प्रांत के उपाध्यक्ष सतपाल सिंह तोमर ने स्वागत किया। राष्ट्रीय मंत्री चरण सिंह त्यागी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सत्यप्रकाश राय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री हरि बोरेकर और गाजियाबाद इकाई अध्यक्ष श्रद्धा सिंह ने विचार रखे। क्षेत्रीय संयोजक विपिन त्यागी ने संचालन किया।

सांसद अतुल गर्ग, परमेंद्र शेखावत, बार अध्यक्ष ब्रह्म देव त्यागी, पूर्व अध्यक्ष राकेश त्यागी, सचिव नरेश चौधरी, नीरज सिंह, एनसी त्रिपाठी, मीनाक्षी परिहार और जानकी सूर्या सहित उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड से आए 1200 से अधिक अधिवक्ता शामिल हुए।