
नन्हे विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रतिभा, आत्मविश्वास और सृजनशीलता का दिया संदेश

यूपी – गाजियाबाद। सिल्वरलाइन प्रेस्टीज स्कूल की वरिष्ठ माध्यमिक शाखा में 23 अक्टूबर को वार्षिकोत्सव 2026 ‘तारे जमीन पर’ का भव्य आयोजन किया गया। इसमें प्री-फाउंडेशन से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों की विशिष्ट प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और राष्ट्रगान के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने संगीत प्रस्तुतियों से अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। समारोह में विद्यालय अध्यक्ष डॉ. सुभाष जैन, बबीता जैन, उपाध्यक्ष नमन जैन, कार्यकारी निदेशक मोनिका जैन, संस्थापक निदेशक डॉ. माला कपूर, निदेशक प्रशासन प्रणव जैन, निदेशक वित्त डॉ. स्वाति अग्रवाल, प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी तथा रणनीति, कौशल एवं क्षमता निर्माण निदेशक डॉ. सी. एस. नायर उपस्थित रहे।

सांस्कृतिक कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने गणेश वंदना के साथ ‘खोल दे पर’, ‘गिव मी सम सनशाइन’, ‘मैं कभी बतलाता नहीं’ और ‘ऑल इज वेल’ जैसे गीतों पर प्रस्तुतियां दीं। अल्बर्ट आइंस्टीन की प्रतिभा, पंडित बिरजू महाराज की कला-साधना और मुक्केबाज मैरी कॉम के संघर्ष को भी प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया गया। ‘शाबाशियां’ के जरिए बच्चों की विविध सीखने की क्षमताओं को समझने और स्वीकार करने का संदेश दिया गया। रतन टाटा के जीवन-मूल्यों से प्रेरित प्रस्तुति ने परिश्रम और आशावाद का महत्व बताया।

अध्यक्ष डॉ. सुभाष जैन ने बच्चों की रुचियों का सम्मान करने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने पर बल दिया। उपाध्यक्ष नमन जैन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। प्रणव जैन ने सभी का आभार जताया। प्रधानाचार्या डॉ. गीता जोशी ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास, संवेदनशीलता और रचनात्मकता विकसित करना भी है।

