
भाजपा नंदग्राम मंडल ने गाजियाबाद पुलिस की कार्रवाई की सराहना कर जताया आभार
यूपी – गाजियाबाद। नंदग्राम क्षेत्र के राधाकुंज में भाजपा नंदग्राम मंडल के उपाध्यक्ष संदीप त्यागी के घर हुई सोने के आभूषणों की चोरी का खुलासा होने के बाद भाजपा नंदग्राम मंडल की ओर से एसीपी जियाउद्दीन अहमद को सम्मानित किया गया। संदीप त्यागी और मंडल के पदाधिकारियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर तथा राष्ट्रीय प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान गाजियाबाद पुलिस की पूरी टीम के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
जानकारी के अनुसार, 4 अक्टूबर को संदीप त्यागी के घर श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान अलमारी में रखे सोने के आभूषण चोरी हो गए थे। बताया गया कि आभूषण उनकी बेटी की शादी के लिए रखे गए थे। घटना के बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी।
एसीपी के हस्तक्षेप के बाद तेज हुई जांच
मामले को लेकर संदीप त्यागी ने एसीपी जियाउद्दीन अहमद से संपर्क किया। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। जांच अधिकारी में बदलाव के बाद उपनिरीक्षक उत्तम चौधरी ने पुलिस टीम के साथ मामले की पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी को हरियाणा के बहादुरगढ़ से पकड़कर नंदग्राम थाने लाया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर सिहानी चुंगी स्थित प्राचीन शिव मंदिर के पीछे मिट्टी में दबे चोरी के आभूषण बरामद किए गए।
पुलिस टीम के प्रयासों की सराहना
आभूषणों की बरामदगी के बाद भाजपा नंदग्राम मंडल ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। संदीप त्यागी और मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि एसीपी जियाउद्दीन अहमद के हस्तक्षेप तथा उपनिरीक्षक उत्तम चौधरी की टीम की सक्रियता से मामले के खुलासे में मदद मिली। मंडल ने गाजियाबाद पुलिस का धन्यवाद करते हुए पीड़ित परिवार को राहत दिलाने के लिए किए गए प्रयासों की प्रशंसा की।

