गणेश अस्पताल में रामनवमी और दशहरे पर भव्य भंडारा, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण किया प्रसाद

यूपी – गाजियाबाद। गणेश अस्पताल में रामनवमी और दशहरे के पावन अवसर पर हर वर्ष की परंपरा के अनुसार भव्य भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अस्पताल परिसर में विधि-विधान के साथ हवन-पूजन करके किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन में हजारों लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया।

हवन-पूजन में गणेश अस्पताल की चेयरपर्सन डॉ. अर्चना शर्मा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रतीक शर्मा, प्रबंध निदेशक डॉ. मोनिषा शर्मा, महाप्रबंधक प्रशासन डॉ. संजय केशरवानी तथा महाप्रबंधक मानव संसाधन डॉ. बिराज सिंह ने संयुक्त रूप से भाग लिया। इस दौरान सभी ने सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

धार्मिक अनुष्ठान के बाद भंडारा शुरू हुआ। सुबह से ही अस्पताल परिसर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बड़ी संख्या में लोगों ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक उत्साह और सेवा भाव का वातावरण बना रहा।

अस्पताल प्रबंधन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सद्भाव और जनसेवा की भावना को बढ़ावा देना रहा। गणेश अस्पताल में प्रत्येक वर्ष रामनवमी और दशहरे पर भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने आयोजन को विशेष बनाया।