श्री सनातन धर्म रामलीला में रावण वध का मंचन, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा परिसर

यूपी – गाजियाबाद। श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की ओर से मंगलवार, 20 अक्टूबर को लंकापति रावण के वध के प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध के रोमांचक दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रावण वध होते ही पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सांसद अतुल गर्ग ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। रावण वध का प्रसंग सिखाता है कि अहंकार, अन्याय और बुराई का अंत निश्चित है। ऐसे धार्मिक आयोजन भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने के साथ नई पीढ़ी को नैतिक मूल्यों से जोड़ते हैं।

रामलीला के कलाकारों ने अपने अभिनय से रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दिया। आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का संदेश दिया गया। अंत में श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नागर, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी और सहसचिव रवि कौशिक उपस्थित रहे।