संजय नगर में विधायक अजीत पाल त्यागी ने किया रावण दहन, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा मैदान

यूपी – lगाजियाबाद। विजयादशमी के पावन पर्व पर मंगलवार को संजय नगर में आदर्श धार्मिक रामलीला कमेटी की ओर से भव्य रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पूरा परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक अजीत पाल त्यागी ने सांकेतिक रूप से अग्निबाण चलाकर रावण के पुतले का दहन किया। इस अवसर पर कमेटी के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। मंच पर प्रभु श्रीराम और लंकापति रावण के बीच हुए भीषण युद्ध का सजीव मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने अभिनय से युद्ध के दृश्यों को जीवंत कर दिया। दर्शकों ने तालियां बजाकर कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।

विधायक अजीत पाल त्यागी ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि संस्कारों और मर्यादाओं की पाठशाला है। भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलना चाहिए।

कार्यक्रम में कमेटी अध्यक्ष अशोक चांदीवाल, महामंत्री अरुण शर्मा, कोषाध्यक्ष राजेश शर्मा, संरक्षक अमर दत्त शर्मा, मोहन सिंह रावत, बीरेंद्र बाबू वर्मा, रविन्द्र सिंह राणा, चेतन प्रकाश यादव, कौशल शर्मा, आरएस शर्मा, कपिल वशिष्ठ और प्रदीप चौधरी सहित कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।