संजय नगर रामलीला में लक्ष्मण को शक्ति लगने, मेघनाद वध और सती सुलोचना के प्रसंग ने दर्शकों को किया भावुक

यूपी – गाजियाबाद। संजय नगर स्थित श्री आदर्श धार्मिक रामलीला कमेटी के मंच पर सोमवार रात लक्ष्मण को शक्ति बाण लगने, हनुमान द्वारा संजीवनी लाने, मेघनाद वध और महासती सुलोचना के सती होने के मार्मिक प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों के सजीव अभिनय को देखकर दर्शक भाव-विभोर हो गए।

लीला के दौरान मायावी मेघनाद ने युद्ध में वीर लक्ष्मण पर शक्ति बाण चलाया, जिससे वह मूर्छित हो गए। लक्ष्मण की यह दशा देखकर भगवान श्रीराम व्याकुल हो उठे और वानर सेना में शोक छा गया। इसके बाद हनुमान जी सुषेण वैद्य के निर्देश पर संजीवनी बूटी लेने द्रोणागिरी पर्वत पहुंचे और पूरा पर्वत उठाकर ले आए। संजीवनी के प्रभाव से लक्ष्मण की मूर्छा दूर हुई तो राम दल में खुशी छा गई।

स्वस्थ होने के बाद लक्ष्मण ने रणभूमि में मेघनाद का वध कर दिया। इसकी सूचना लंका पहुंचने पर शोक छा गया। इसके बाद महासती सुलोचना के प्रसंग का मंचन हुआ। पति मेघनाद का कटा शीश गोद में लेकर उनका विलाप और पति के साथ सती होने के दृश्य ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।

इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष अशोक चांदीवाल, महामंत्री अरुण शर्मा सहित कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।