सनातन धर्म रामलीला में मेघनाद और कुंभकरण वध का मंचन, जय श्रीराम के नारों से गूंजा पंडाल

यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर मिलिट्री ग्राउंड स्थित श्री सनातन धर्म रामलीला कमेटी ट्रस्ट की रामलीला में मेघनाद वध और कुंभकरण वध के प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों के प्रभावशाली अभिनय और संवादों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा।

मंचन में रावण के पुत्र मेघनाद और लक्ष्मण के बीच भीषण युद्ध दिखाया गया। अंत में लक्ष्मण ने मेघनाद का वध कर दिया। इसके बाद रावण ने अपने भाई कुंभकरण को युद्धभूमि में भेजा। कुंभकरण ने वानर सेना पर प्रहार किए, लेकिन भगवान श्रीराम ने दिव्य बाणों से उसका वध कर दिया। दोनों प्रसंगों ने सत्य और धर्म की विजय का संदेश दिया। लीला से पूर्व कमेटी के सदस्यों ने भगवान राम और माता सीता की आरती की।

इस अवसर पर कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार गुप्ता, महासचिव सतीश शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र अग्रवाल, सुनील कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष अरविंद कौशिक, विकास त्यागी, मनोज नागर, कोषाध्यक्ष गिरीश मेहता, सहसंयोजक बाबूराम गौतम, देवेंद्र त्रिपाठी और सहसचिव रवि कौशिक उपस्थित रहे।

दशहरा पर रात 11:30 बजे होगा पुतला दहन

कमेटी के अनुसार, दशहरा पर रात 11:30 बजे रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। रावण का पुतला 70 फीट, कुंभकरण का 65 फीट और मेघनाद का 60 फीट ऊंचा होगा। कार्यक्रम में सांसद अतुल गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।