
यूपी – गाजियाबाद। आरकेजी ग्लोबल स्कूल में 17 अक्टूबर को गरबा नाइट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भक्ति, भारतीय संस्कृति और उल्लास का सुंदर संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में अभिभावकों और विद्यार्थियों ने माँ दुर्गा के भजनों पर गरबा नृत्य प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की चेयरपर्सन रजनी गोयल ने फीता काटकर और माँ दुर्गा की आरती करके किया। इस अवसर पर वाइस चेयरपर्सन आँचल गोयल, डायरेक्टर प्रिंसिपल कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह, आरकेजीआईटीएम के निदेशक डॉ. राकेश गोयल तथा डीन डॉ. मनोरमा शर्मा ने भी माँ दुर्गा की आराधना की।
गरबा नृत्य कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। अभिभावकों, विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन में उपस्थित अतिथियों ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद भी लिया। गरबा नृत्य में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाली प्रतिभागियों में से ‘गरबा क्वीन’ का चयन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर चेयरमैन दिनेश कुमार गोयल और वाइस चेयरमैन अक्षत गोयल ने प्रतिभागियों, अभिभावकों तथा आयोजन में सहयोग देने वाले सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने विद्यालय परिवार में आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत किया।

