कृष्ण के कर्मयोग सिद्धांत पर चल रही भाजपा सरकार, 2027 में फिर खिलेगा कमल : पंकज चौधरी

यूपी गाजियाबाद। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी राजनगर स्थित इस्कॉन मंदिर पहुंचे और भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर विधिवत पूजन-अर्चन किया। उन्होंने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए पंकज चौधरी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म, कर्तव्य और राष्ट्रधर्म का संदेश देता है। भाजपा की केंद्र और प्रदेश सरकारें इसी कर्मयोग की भावना से जनसेवा में जुटी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है।

उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद ब्रजभूमि तथा मथुरा-वृंदावन के विकास को भी गति दी जा रही है। उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था, विकास, रोजगार और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। जनता भाजपा सरकार के सुशासन से संतुष्ट है और 2027 में प्रदेश में एक बार फिर कमल खिलेगा।

कार्यक्रम में नवाब सिंह नागर, अतुल गर्ग, सुनील शर्मा, नरेंद्र कश्यप, दिनेश गोयल, अजीत पाल त्यागी, संजीव शर्मा, अशोक मोंगा, आशु वर्मा, पंकज भारद्वाज, गौरव चोपड़ा, प्रदीप चौहान, सचिन डेढ़ा, नीरज शर्मा, संजीव गुप्ता और प्रवीण चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।