
यूपी – गाजियाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर एबीसीएल इंस्टीट्यूट के स्थापना दिवस एवं सिद्धार्थ इंटर कॉलेज, जटवाड़ा में आयोजित भव्य समारोह में प्रदेश सचिव अभिषेक गर्ग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा जगत से जुड़े समर्पित एवं उत्कृष्ट शिक्षकों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अभिषेक गर्ग ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे मार्गदर्शक हैं। वे विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके चरित्र निर्माण के साथ राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव भी तैयार करते हैं। राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय है।

अभिषेक गर्ग ने एबीसीएल संस्थान के स्थापना दिवस पर बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के प्रचार-प्रसार और युवाओं के मार्गदर्शन में संस्थान का योगदान सराहनीय है। इसके बाद सिद्धार्थ इंटर कॉलेज, जटवाड़ा में आयोजित शिक्षक अभिनंदन समारोह में क्षेत्र के उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष वीरेंद्र यादव एडवोकेट, राजन कश्यप, शाहनवाज उपाध्यक्ष, सिद्धार्थ इंटर कॉलेज एवं एबीसीएल संस्थान के मिराज चिश्ती, हरस्वरूप अध्यक्ष, कृपाल, आरपी सिंह, पूजा दिवाकर, शरणवीर प्रधानाचार्य, शिक्षकवृंद, विद्यार्थी और अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

