
यूपी – गाजियाबाद/साहिबाबाद। भगवान कृष्ण जन्मोत्सव के पावन पर्व पर प्राचीन शिव मंदिर, इंदिरा कॉलोनी जीटी रोड, साहिबाबाद के प्रांगण में अष्टयाम महायज्ञ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भगवान कृष्ण का स्मरण करते हुए उनके प्रेरणादायक संदेशों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद एवं समाजवादी चिंतक राम दुलार यादव रहे।

राम दुलार यादव ने श्रद्धालुओं के साथ राधा-कृष्ण का गुणगान किया और कहा कि भगवान कृष्ण का जीवन संघर्षों की गाथा है। उन्होंने अन्याय, अत्याचार, अहंकार और अधर्म से समाज को मुक्त करने का मार्ग प्रशस्त करते हुए निष्काम कर्म का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भगवान कृष्ण ने भक्ति, प्रेम, करुणा और दया के माध्यम से समरस समाज की स्थापना की प्रेरणा दी तथा साधारण जन से लेकर राजसत्ता पर काबिज लोगों को भी अज्ञान और अहंकार के अंधकार से बाहर निकलने का मार्ग दिखाया।
उन्होंने कहा कि आज विश्व युद्ध और संघर्षों की विभीषिका से प्रभावित है। ऐसे समय में भगवान कृष्ण का ज्ञान मार्ग पूरी मानवता को शांति और सही दिशा दे सकता है।
कार्यक्रम में अवधेश यादव, एसएन गुप्ता, परमेश्वर यादव, अजय कुमार, हरेन्द्र गुप्ता, लल्लन यादव, कन्हैया सिंह, मुन्ना शर्मा और रितेश कुमार ने मुख्य अतिथि राम दुलार यादव का भगवान कृष्ण एवं राधे-राधे का पटका पहनाकर स्वागत किया। अंत में सभी भक्तों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी गईं।

