अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा संगठन विस्तार के साथ बनाएगी 2 लाख नए सदस्य

यूपी – गाजियाबाद। अखिल भारतीय वाल्मीकि महासभा की गाजियाबाद महानगर इकाई की मासिक बैठक संपन्न हुई। बैठक में संगठन के विस्तार, आगामी कार्यक्रमों और पूरे उत्तर प्रदेश में 2 लाख नए सदस्य बनाने के लक्ष्य पर चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष शक्ति जीनवाल ने की।

मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप चौहान वाल्मीकि ने कहा कि वाल्मीकि समाज के लोगों को संयम और एकजुटता के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने समाज के लोगों से किसी के बहकावे में न आने तथा अपनी समस्याओं को उचित मंच पर उठाने का आह्वान किया। बैठक में तीन प्रस्ताव भी पारित किए गए।

बैठक में गाजियाबाद महानगर के 2740 सफाई कर्मचारियों के विनियमितीकरण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। बताया गया कि नगर निगम बोर्ड से इस संबंध में दो बार प्रस्ताव पारित होकर शासन को भेजा जा चुका है। महासभा आगामी दिनों में इस मामले से मुख्यमंत्री को अवगत कराएगी।

आगामी कार्यक्रमों के तहत लखनऊ में प्रदेश अधिवेशन, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा और सीनियर सिटीजन मोर्चा के गठन का प्रस्ताव रखा गया। प्रदीप चौहान वाल्मीकि ने प्रदेशभर में संगठनात्मक दौरे कर समाज को संगठित करने की बात कही।

बैठक में किसान चड्ढा, जॉनी वाल्मीकि, नीरज वाल्मीकि, अमित वाल्मीकि, विपिन वाल्मीकि, सोनू जीनवाल, नितिन वाल्मीकि, भैरव वाल्मीकि, सागर वाल्मीकि, रवि वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।