गाजियाबाद में सचिन पायलट का मोदी-योगी सरकार पर तीखा हमला, बोले—युवाओं का अल्टीमेटम है सरकार के लिए

यूपीगाजियाबाद, 5 सितंबर। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी द्वारा आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मोदी और योगी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि आज देश का युवा बेरोजगारी, पेपर लीक और अग्निवीर जैसे मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ खड़ा हो रहा है और जंतर-मंतर पर युवाओं का प्रदर्शन सरकार के लिए चेतावनी है।

सचिन पायलट ने उत्तराखंड में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ कथित जातिगत भेदभाव एवं शुद्धिकरण की घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे भाजपा की दलित विरोधी मानसिकता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने सदैव जवाहरलाल नेहरू और राजीव गांधी को कोसने का काम किया है। जब कांग्रेस भाजपा से चुनावी वादों और जनहित के मुद्दों पर सवाल करती है तो भाजपा पाकिस्तान, हिंदू-मुस्लिम और मंदिर-मस्जिद जैसे मुद्दों की चर्चा कर जनता को गुमराह करने का प्रयास करती है।

जातिगत जनगणना के मुद्दे पर पायलट ने मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और जातिगत जनगणना के नाम पर देश की जनता के साथ धोखा किया गया है। कांग्रेस पार्टी जातिगत जनगणना की मांग को लेकर प्रतिबद्ध है और इसे पूरा कराने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Gen-Z और युवा आंदोलन के मुद्दे पर उन्होंने कहा, “ये युवाओं का अल्टीमेटम है सरकार के लिए।” उन्होंने कहा कि मोदी सरकार युवाओं के बेरोजगारी, पेपर लीक और अग्निवीर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को समझने में विफल रही है। इसी कारण देश का युवा अब मोदी-योगी सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर रहा है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा, महानगर अध्यक्ष वीर सिंह जाटव, माइनॉरिटी प्रकोष्ठ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के संयोजक नसीम कुरैशी, पूर्व एमएलसी हरेंद्र अग्रवाल, पूर्व प्रदेश महासचिव विजेंद्र यादव, पूर्व अध्यक्ष हरेंद्र कसाना, बबली नागर, इस्माइल खान, सूर्यकांत सूर्य और विजयपाल चौधरी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन पर सचिन पायलट ने पूर्व जिलाध्यक्ष विनीत त्यागी को बधाई देते हुए संगठन की सक्रियता की सराहना की।