शिक्षक दिवस पर रोटरी क्लब ने शिक्षकों को किया सम्मानित

यूपी गाजियाबाद। शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ गाजियाबाद विकास द्वारा अमेरिकन एडग्लोबल स्कूल में शिक्षकों के सम्मान में गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना था।

समारोह में पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अशोक अग्रवाल मुख्य अतिथि तथा सहायक गवर्नर अनुराग अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या रेणु शर्मा के साथ सुमना दासगुप्ता, प्रशांसा, पारुल और प्रेरणा पंवार को शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं शिक्षा एवं सामाजिक सेवा में उत्कृष्ट कार्य के लिए दीपिका रोहतगी और रचना खुराना को विशेष सम्मान प्रदान किया गया।

अशोक अग्रवाल ने कहा कि शिक्षक केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि संस्कार, चरित्र और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव भी रखते हैं। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।

क्लब अध्यक्ष कैलाश मंगला एवं कल्पना मंगला ने अशोक अग्रवाल और अनुराग अग्रवाल का पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। सचिव नरेश जिंदल ने बताया कि क्लब भविष्य में भी शिक्षा और विद्यार्थियों के हित में जनकल्याणकारी परियोजनाएं संचालित करता रहेगा। संचालन पवन गुप्ता ने किया, जबकि पुनीत गर्ग और बबीता गर्ग ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में कैलाश मंगला, कल्पना मंगला, नरेश जिंदल, रीतु जिंदल, पुनीत गर्ग, बबीता गर्ग, संजय गर्ग, मनीषा गर्ग, पवन गुप्ता, विजय जिंदल, चंपा जिंदल, कुलदीप रोहतगी, दीपिका रोहतगी, आलोक गर्ग, विनीत माहेश्वरी, योगेश गर्ग और रेखा गर्ग सहित क्लब सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।