मुरादनगर की अवैध कॉलोनियों पर चला जीडीए का बुलडोजर

यूपी गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने मुरादनगर क्षेत्र में अवैध निर्माण और अनाधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कई स्थानों पर अवैध प्लाटिंग और निर्माण को ध्वस्त कर दिया। उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान अंकित त्यागी निवासी दुहाई और महेश त्यागी द्वारा खसरा संख्या-690, शाहपुर मार्ग पर एचआरआईटी के पीछे राइस मिल के पास ग्राम मोरटा में करीब 5 बीघा क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त किया गया। इसके अलावा मुकेश त्यागी, आदेश त्यागी और सचिन त्यागी द्वारा खसरा संख्या-86, असालतनगर में करीब 7 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर कार्रवाई की गई।

दिनेश त्यागी पुत्र कुंवरपाल और प्रवीण त्यागी द्वारा खसरा संख्या-622, ग्राम मोरटा में करीब 10 हजार वर्गमीटर तथा माईकल प्रधान द्वारा शोभापुर बंबा रोड, ग्राम असालतनगर में गांव के उत्तर दिशा में करीब 7 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में की जा रही अवैध प्लाटिंग को भी ध्वस्त किया गया।

स्थलों पर मिट्टी भराव, ईंटों की चिनाई, सड़क और बाउंड्रीवॉल निर्माण कार्य किया जा रहा था, लेकिन प्राधिकरण की स्वीकृति से संबंधित कोई अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। विरोध के बावजूद प्राधिकरण पुलिस बल ने कार्रवाई जारी रखी। अभियान में सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए ने आगे भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग अभियान जारी रखने की बात कही।