लोनी में विकसित अवैध कॉलोनी पर चला जीडीए का बुलडोजर

यूपी गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध कॉलोनियों और निर्माणों के खिलाफ अभियान चलाते हुए प्रवर्तन जोन-8 के अंतर्गत लोनी क्षेत्र में बड़ी ध्वस्तीकरण कार्रवाई की। बुधवार को प्रभारी प्रवर्तन जोन-8 के नेतृत्व में ग्राम सभापुर, लोनी में राजबीर द्वारा करीब 10 हजार वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित की जा रही अनाधिकृत कॉलोनी को ध्वस्त किया गया।

जीडीए की कार्रवाई के दौरान अवैध कॉलोनी में विकसित किए जा रहे करीब 60 से 70 भूखंडों की बाउंड्रीवाल, विद्युत पोल, सड़कें एवं अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। इसके अलावा नवजीवन एन्क्लेव, लोनी में संतोष तिवारी द्वारा किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान निर्माणकर्ताओं और कॉलोनाइजरों ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए ध्वस्तीकरण अभियान जारी रखा। इस दौरान प्रवर्तन जोन-8 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्राधिकरण का प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।

जीडीए ने स्पष्ट किया कि अवैध निर्माण और अनधिकृत कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा आगामी माह में भी ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार की जाएगी।