रोटरी क्लब ने कपड़े के थैले बांटकर दिया प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश

यूपीगाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त समाज के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब गाजियाबाद विकास ने बाग वाली कॉलोनी, शास्त्री नगर स्थित सिल्वर शाइन स्कूल के पास लगने वाली सब्जी मंडी में नागरिकों को कपड़े के थैले वितरित किए। अभियान का उद्देश्य सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर दैनिक खरीदारी में कपड़े के थैलों के उपयोग को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम के दौरान सब्जी खरीदने आए नागरिकों को निःशुल्क कपड़े के थैले दिए गए। रोटरी सदस्यों ने बताया कि प्लास्टिक का अत्यधिक उपयोग पर्यावरण के साथ पशु-पक्षियों और मानव जीवन के लिए भी नुकसानदायक है। नागरिकों से बाजार आते समय अपने साथ कपड़े का थैला लाने और प्लास्टिक का उपयोग कम करने की अपील की गई।

क्लब अध्यक्ष कैलाश मंगला एवं कल्पना मंगला ने अभियान में सहयोग करने वाले सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों से ही बड़े बदलाव संभव हैं। उन्होंने नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण की मुहिम में सहभागी बनने का आह्वान किया।

अभियान में कैलाश मंगला, कल्पना मंगला, संजय अग्रवाल, अंजू अग्रवाल, दिनेश गर्ग, पवन गुप्ता, संजय गर्ग, मनीषा गर्ग, बबिता गर्ग, योगेश गर्ग और रेखा गर्ग ने सक्रिय सहभागिता करते हुए कपड़े के थैले वितरित किए। क्लब ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और जनजागरण अभियान जारी रखने का संकल्प दोहराया।