जेकेजी में ग्लोबल पंचायत 3.0 एमयूएन का सफल समापन, छात्रों ने दिखाया नेतृत्व कौशल

यूपी – गाजियाबाद। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, इंदिरापुरम एवं राजधानी युवा संसद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ग्लोबल पंचायत 3.0 मॉडल यूनाइटेड नेशंस (एमयूएन) का 25 जुलाई को उत्साहपूर्ण समापन हुआ। सम्मेलन में कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों सहित 20 विभिन्न विद्यालयों के कुल 65 प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर अंतरराष्ट्रीय विषयों पर अपने विचार, तर्क और नेतृत्व क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि महिर गुप्ता रहे, जो साइबर विशेषज्ञ हैं और दिल्ली में एआई लैब्स के विकास से जुड़े रहे हैं। विशिष्ट अतिथि ध्रुव लाऊ ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। ध्रुव लाऊ पूर्व में रेड एफएम में पॉडकास्टर रह चुके हैं और वर्तमान में स्वतंत्र एआई एवं संचार सलाहकार के रूप में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ कार्य कर रहे हैं। दोनों अतिथियों ने छात्रों को साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता के जिम्मेदार उपयोग, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में तकनीक की भूमिका पर प्रेरक विचार साझा किए।

सम्मेलन में उत्तर प्रदेश विधानसभा (यूपीएलए), संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (डबल डेलीगेशन), हॉगवर्ट्स, प्रेस, कृत्रिम बुद्धिमत्ता शिखर सम्मेलन, लोकसभा, ऐतिहासिक हितधारक सम्मेलन (एचएसएम) तथा अंतरराष्ट्रीय प्रेस (आईपी) जैसी समितियों में समसामयिक और वैश्विक विषयों पर विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

विद्यालय की प्रधानाचार्या निधि गौड़ ने कहा कि इस आयोजन ने विद्यार्थियों में संवाद, विश्लेषण, कूटनीति और नेतृत्व कौशल को नई दिशा दी। उन्होंने प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की। सम्मेलन में मॉडर्न एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, इंदिरापुरम को बेस्ट डेलिगेट अवार्ड से सम्मानित किया गया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।