
यूपी – गाजियाबाद। डॉ. बी.आर. अंबेडकर जन्मोत्सव आयोजन समिति, नवयुग मार्केट ने शनिवार को नीट (NEET) प्रश्नपत्र लीक प्रकरण को लेकर राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
समिति के अध्यक्ष तरुण कुमार ने कहा कि नीट परीक्षा में प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लाखों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत प्रभावित हुई है, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ न्याय और परीक्षा प्रणाली में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए दोषियों पर सख्त कार्रवाई जरूरी है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि नीट पेपर लीक प्रकरण की किसी स्वतंत्र एवं निष्पक्ष एजेंसी से समयबद्ध जांच कराई जाए, षड्यंत्र में शामिल सभी दोषियों और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाया जाए। इसके अलावा भविष्य में पेपर लीक रोकने के लिए प्रभावी कानून लागू करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की निगरानी के लिए स्थायी तंत्र स्थापित करने और नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा देने की भी मांग की गई।
समिति ने राष्ट्रपति से विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मामले में आवश्यक हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित कराने की अपील की।

