आरकेजी ग्लोबल स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी, छात्र-नेताओं ने ली नेतृत्व की शपथ

यूपीगाजियाबाद। राजनगर स्थित आरकेजी ग्लोबल स्कूल में शनिवार को छात्र परिषद के नवनिर्वाचित छात्र-नेताओं के सम्मान में भव्य इन्वेस्टिचर सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाइस चेयरवुमेन आंचल गोयल एवं डायरेक्टर-प्रिंसिपल कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह द्वारा दीप प्रज्वलन और मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।

समारोह में नवनिर्वाचित छात्र-नेताओं को उनके पदों के अनुरूप बैज प्रदान किए गए। हेड बॉय, हेड गर्ल तथा विभिन्न सदनों के पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के प्रतीक स्वरूप ध्वज सौंपे गए। इसके उपरांत छात्र-नेताओं ने अनुशासित मार्च पास्ट किया। विद्यालय के संगीत अध्यापक एवं विद्यार्थियों ने बैंड प्रस्तुति देकर समारोह में उत्साह का संचार किया। बाद में सभी छात्र-नेताओं ने अपने दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ ली और पुनः मार्च पास्ट में भाग लिया।

अपने संबोधन में कैप्टन डॉ. दिनिशा भारद्वाज सिंह ने विद्यार्थियों को ईमानदारी, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा-भाव के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया। वहीं आंचल गोयल ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और ईमानदारी के बल पर अपने सपनों को साकार करने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व, अनुशासन, उत्तरदायित्व और टीम भावना विकसित करने की दिशा में प्रेरणादायक साबित हुआ।