जूना अखाड़े ने महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को दिया समर्थन, संतों ने किया सम्मान

उत्तराखंड – हरिद्वार। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़ा में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद की कार्यकारिणी ने नवनियुक्त महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को आशीर्वाद एवं समर्थन प्रदान किया। कार्यक्रम आनंद भैरव मंदिर में आयोजित हुआ, जहां अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय महामंत्री स्वामी हरिगिरी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र पुरी और परिषद की कार्यकारिणी से यति मां प्रत्यंगिरा गिरी का सम्मान करने का आग्रह किया।

स्वामी हरिगिरी ने कहा कि यति नरसिंहानंद गिरी सनातन धर्म की रक्षा के लिए सक्रिय हैं और उनके प्रयासों को मजबूत करने के उद्देश्य से उनकी शिष्या यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को महामंडलेश्वर बनाया गया है। उन्होंने कहा कि परिषद सनातन धर्म की रक्षा के लिए किए जाने वाले प्रयासों में हरसंभव सहयोग और समर्थन देती रहेगी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष रविंद्र पुरी ने कहा कि वर्तमान समय में सनातन धर्म और संत समाज पर विभिन्न प्रकार की चुनौतियां सामने हैं। ऐसे में जो लोग इन चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, उन्हें संरक्षण, सहयोग और समर्थन मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिषद ने पहले भी यति नरसिंहानंद गिरी का साथ दिया है और आगे भी उनकी शिष्या यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को सहयोग प्रदान करेगी।

कार्यक्रम में यति मां प्रत्यंगिरा गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि वह अपने गुरु यति नरसिंहानंद गिरी के बताए मार्ग पर चलकर उनके लक्ष्यों के लिए अंतिम सांस तक कार्य करती रहेंगी। उन्होंने सभी संतों के आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया। अंत में यति नरसिंहानंद गिरी और यति मां प्रत्यंगिरा गिरी ने उपस्थित संतों और अखाड़ा परिषद की कार्यकारिणी का धन्यवाद ज्ञापित किया।