8 सितंबर तक चलेगा एफएमडी टीकाकरण अभियान, घर-घर जाकर लगाए जाएंगे मुफ्त टीके

यूपी – गाजियाबाद। जनपद में राष्ट्रीय पशु रोग नियंत्रण कार्यक्रम (एनएडीसीपी) के तहत खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम के लिए 22 जुलाई से 8 सितंबर 2026 तक निःशुल्क घर-घर टीकाकरण अभियान शुरू किया गया है। विकास भवन से जिलाधिकारी रवीन्द्र कुमार मांदड़ और मुख्य विकास अधिकारी कुमार सौरभ ने टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर अभियान का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस. पी. पाण्डेय, उपमुख्य पशु चिकित्साधिकारी (सदर) डॉ. मोनिका गुप्ता, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. राहुल (मोरटा), डॉ. रवि, मोबाइल वेटरिनरी यूनिट के डॉ. अमित सेन सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके बाद टीकाकरण दलों को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस. पी. पाण्डेय ने बताया कि अभियान के दौरान गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का घर-घर जाकर निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा, जिससे उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि वे टीकाकरण के समय अपने पशुओं को उपलब्ध रखें, इयर टैग संख्या उपलब्ध कराएं तथा 1962 पशु सेवा ऐप पर पंजीकरण में सहयोग करें। विभाग का कहना है कि अभियान की सफलता पशुपालकों के सहयोग पर निर्भर है और इससे स्वस्थ पशुधन के साथ किसानों की आय तथा पशुपालन को भी मजबूती मिलेगी।