खो-खो स्पोर्ट्स प्रमोशन वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की नई कार्यकारिणी का गठन

यूपी – गाजियाबाद। खो-खो स्पोर्ट्स प्रमोशन वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की नई कार्यकारिणी का चुनाव 19 जुलाई 2026 को लखनऊ स्थित केडी सिंह बाबू स्टेडियम में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया पूर्व जिला जज देवराज सिंह की देखरेख में रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में संपन्न कराई गई। चुनाव का आयोजन खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश ओलंपिक संगठन के तत्वावधान में हुआ।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद अभिषेक सिंह को अध्यक्ष, भूपेंद्र सिंह को महासचिव, ललित जायसवाल को चेयरमैन, डॉ. अरुण त्यागी को वरिष्ठ उपाध्यक्ष तथा विपिन राणा को संयुक्त सचिव चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने प्रदेश में खो-खो खेल के विकास, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

जिला खो-खो एसोसिएशन गाजियाबाद ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. ऋचा सूद और सचिव डॉ. प्रवीण कुमार ने कहा कि नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में खो-खो खेल को नई पहचान मिलेगी तथा खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, प्रतियोगिताओं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि संगठन प्रदेश में खेल संस्कृति को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।