नालों से स्थायी अतिक्रमण हटाकर होगी सफाई, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश

यूपी – गाजियाबाद। शहर में जलभराव और सीवर की समस्या के समाधान के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने नालों की सफाई और स्थायी अतिक्रमण हटाने का अभियान तेज कर दिया है। जनसुनवाई के दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण करने और नालों से स्थायी अतिक्रमण हटाकर नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में वार्ड-37 शालीमार गार्डन के पार्षद रवि भाटी, वार्ड-32 नंदग्राम के पार्षद सुभाष चौधरी तथा वार्ड-6 और वार्ड-11 के जनप्रतिनिधियों ने नालों और सीवर की सफाई का मुद्दा उठाया। वहीं गोविंदपुरम और वसुंधरा के आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों ने भी जलभराव से राहत के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश तथा मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण और स्वास्थ्य विभाग को नालों पर हुए अतिक्रमण हटाने तथा जलकल विभाग के साथ मिलकर सीवर सफाई अभियान चलाने को कहा।

नगर निगम की टीमें गोविंदपुरम, नंदग्राम, शालीमार गार्डन, वसुंधरा, मोहन नगर, सिटी और कवि नगर जोन में सफाई कार्य कर रही हैं। वहीं संपत्ति संबंधी मामलों पर अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम का दावा है कि इस अभियान से जलभराव और सीवर जाम की समस्या में राहत मिलेगी।