
यूपी – गाजियाबाद। शहर की वायु गुणवत्ता में सुधार और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गाजियाबाद नगर निगम 20 स्थानों पर 100 से अधिक इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग पॉइंट स्थापित कर रहा है। इस परियोजना की प्रगति की समीक्षा नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने अधिकारियों के साथ बैठक कर की। उन्होंने बताया कि वर्तमान में 13 स्थानों पर कार्य तेजी से चल रहा है, जबकि 7 अन्य स्थानों का चयन किया जा रहा है। अधिकारियों को सितंबर तक सभी चार्जिंग पॉइंट स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रकाश विभाग के शेषमणि यादव, संपत्ति विभाग के रामशंकर तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नगर निगम के अनुसार जिन स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, उनमें राजेंद्र नगर, नया बस अड्डा मल्टीलेवल पार्किंग, हिंडन श्मशान पार्किंग, साईं उपवन, राजनगर एक्सटेंशन मेन रोड, क्रॉसिंग रिपब्लिक, ताज हाईवे, अकबरपुर बहरामपुर, डायमंड फ्लाईओवर, पटेल मार्ग जीटी रोड, गोविंदपुरम-स्वर्ण जयंतीपुरम, रेत मंडी नंदग्राम और विवेकानंद रेलवे ओवरब्रिज शामिल हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को बेहतर और सुरक्षित चार्जिंग सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नगर निगम इस योजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए तेजी से कार्य कर रहा है।

