
यूपी – गाजियाबाद, 24 जुलाई। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को दुहाई क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6000 वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर विशेष कार्याधिकारी एवं प्रभारी प्रवर्तन जोन-3 के नेतृत्व में की गई।
जीडीए के अनुसार, खसरा संख्या 471 व 475, दुहाई, मधुबन बापूधाम बी-ब्लॉक (मिनी एमआईजी के निकट) स्थित भूमि पर संजीव चौधरी द्वारा अनाधिकृत निर्माण एवं कॉलोनी विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजर द्वारा बनाई गई सड़क, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस सहित अन्य अवैध निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।
ध्वस्तीकरण के समय स्थानीय निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान सफलतापूर्वक पूरा कराया। कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-3 का समस्त स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा।
जीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि आगामी महीनों में भी ऐसे निर्माणों पर ध्वस्तीकरण और सीलिंग की कार्रवाई लगातार की जाएगी।

