चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन राष्ट्रभक्ति और त्याग की अमर मिसाल : केशव प्रसाद मौर्य

यूपी – लखनऊ। अमर शहीद चंद्रशेखर आज़ाद की जयंती पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 7-कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद का जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति समर्पण की अमर गाथा है, जो आज भी देशवासियों, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि चंद्रशेखर आज़ाद जैसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान और संघर्ष के कारण ही भारत को स्वतंत्रता मिली। उनका साहस, आत्मबल और राष्ट्र के प्रति अटूट निष्ठा भारतीय इतिहास की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने युवाओं से आज़ाद के आदर्शों को अपनाकर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी स्वतंत्रता सेनानियों, महापुरुषों, संतों और समाज सुधारकों के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को सम्मान देने का कार्य कर रहा है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता के बाद मध्य प्रदेश के भाभरा, जो चंद्रशेखर आज़ाद की जन्मस्थली है, का दौरा करने वाले पहले प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रहित, सामाजिक समरसता और जनसेवा को जीवन का सर्वोच्च लक्ष्य बनाने का आह्वान किया।