
यूपी – गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने अवैध निर्माण और अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान चलाते हुए 23 जुलाई को प्रवर्तन जोन-2 क्षेत्र में दो स्थानों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। कार्रवाई उपाध्यक्ष के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन जोन-2 के नेतृत्व में की गई।
जीडीए के अनुसार, चतरपाल पुत्र नत्थू सिंह द्वारा ग्राम जलालपुर स्थित रघुनापुर पाइपलाइन रोड, मुरादनगर में खसरा संख्या-144 पर करीब पांच बीघा भूमि में बिना स्वीकृत मानचित्र के अवैध प्लाटिंग की जा रही थी। वहीं सन्नी त्यागी द्वारा ग्राम नवीपुर बंबा वाली रोड पर बीएलएएम पब्लिक स्कूल के बराबर लगभग 8,500 वर्गमीटर क्षेत्र में मिट्टी भराव, सड़क निर्माण और प्लॉट विकसित किए जा रहे थे। निरीक्षण के दौरान किसी भी निर्माण का स्वीकृत मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया।
इसके बाद जीडीए ने दोनों अवैध कॉलोनियों में बनाई गई सड़कें, बाउंड्री वॉल, साइट ऑफिस और अन्य निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिए। कार्रवाई के दौरान कॉलोनाइजरों और निर्माणकर्ताओं ने विरोध किया, लेकिन प्राधिकरण पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित रखते हुए अभियान पूरा कराया।
ध्वस्तीकरण के दौरान सहायक अभियंता, अवर अभियंता, प्रवर्तन जोन-2 का स्टाफ, प्राधिकरण पुलिस बल और प्रवर्तन दस्ता मौजूद रहा। जीडीए ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण और कॉलोनियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण व सीलिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

