
यूपी – गाजियाबाद। कांवड़ यात्रा महोत्सव को लेकर गाजियाबाद नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के निर्देश पर निगम के उद्यान, निर्माण, प्रकाश, स्वास्थ्य और जलकल विभाग कांवड़ मार्ग को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बनाने में जुट गए हैं। मेरठ रोड से ज्ञानी बॉर्डर तथा मोहन नगर से कौशांबी और यूपी गेट तक विशेष अभियान चलाकर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं।
उद्यान विभाग मार्ग के किनारे बढ़ी हुई टहनियों और झाड़ियों की छंटाई कर रहा है, जबकि निर्माण विभाग सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और बैरिकेडिंग का कार्य कर रहा है। प्रकाश विभाग बिजली के खंभों पर सुरक्षा फ्लेक्स लगाकर करंट से बचाव की व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। वहीं स्वास्थ्य और जलकल विभाग स्वच्छता तथा पेयजल संबंधी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में लगे हैं।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया कि इस वर्ष गाजियाबाद नगर निगम सीमा में कांवड़ यात्रा को पूर्ण रूप से प्लास्टिक मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। कांवड़ मार्ग पर लगने वाले शिविरों, भंडारों और अन्य आयोजनों में प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग न हो, इसके लिए विशेष निगरानी और जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य अभियंता (निर्माण) नरेंद्र कुमार चौधरी ने बताया कि दुहाई, मेरठ रोड, तुलसी निकेतन बॉर्डर, मोहन नगर, ज्ञानी बॉर्डर और इंदिरापुरम मार्ग पर आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं, ताकि कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा का लाभ मिल सके।

