
यूपी – गाजियाबाद। शहर को बेहतर रोशनी और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने यूपी नेडा सोलर सिटी 2.0 योजना के तहत लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से 18 वाट की 1756 सोलर स्ट्रीट लाइटें तथा 107 सोलर हाई मास्क लाइटें लगाने का कार्य शुरू कर दिया है। योजना का उद्देश्य उन स्थानों को रोशन करना है, जहां बिजली कनेक्शन उपलब्ध नहीं है या पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है।
महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि अब तक करीब 250 सोलर स्ट्रीट लाइटें और 50 सोलर हाई मास्क लाइटें स्थापित की जा चुकी हैं, जबकि शेष लाइटों का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि इन लाइटों में इनबिल्ट बैटरी लगी है, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित होने पर भी प्रकाश व्यवस्था बनी रहेगी। पार्कों, बैक लेन और अन्य अंधेरे क्षेत्रों में इनका विशेष रूप से उपयोग किया जाएगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम शहर के ब्लैक स्पॉट समाप्त करने की दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। पर्याप्त रोशनी होने से अपराध की संभावनाओं में कमी आएगी और नागरिकों, विशेषकर महिलाओं एवं बुजुर्गों की सुरक्षा भी बेहतर होगी।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक के नेतृत्व में नगर निगम की टीम योजना को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, भारत सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत पूरे शहर में चरणबद्ध तरीके से सोलर लाइटें स्थापित की जाएंगी। योजना पूरी होने के बाद गाजियाबाद के कई अंधेरे क्षेत्र रोशन होंगे, जिससे नागरिकों को रात्रि में बेहतर सुविधाएं और सुरक्षित माहौल मिल सकेगा।

