
यूपी – गाजियाबाद। विजयनगर स्थित जिंदल स्टील में 22 जुलाई 2026 को हुए एक हादसे में 22 वर्षीय वेहान की आकस्मिक मृत्यु हो गई। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग की। इस दौरान समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक प्रत्याशी विशाल वर्मा ने पुलिस प्रशासन और जिंदल स्टील प्रबंधन से वार्ता कर पीड़ित परिवार को उचित सहायता दिलाने की मांग उठाई।
बताया गया कि देर रात तक चली बातचीत में कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारी अगले दिन हिसार से आकर मामले पर निर्णय लेंगे। वहीं पुलिस प्रशासन ने भी परिजनों को आश्वस्त किया कि अधिकारियों के आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
23 जुलाई को सुबह कंपनी अधिकारियों और परिजनों के बीच लंबी वार्ता हुई। काफी चर्चा के बाद कंपनी ने मृतक वेहान के परिवार को 11 लाख रुपये का मुआवजा देने, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, एक अन्य सदस्य को संविदा पर रोजगार तथा मृतक के माता-पिता को 6 हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का आश्वासन दिया।
पूरे घटनाक्रम के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता विशाल वर्मा के साथ बाबा खान भी मौजूद रहे। बड़ी संख्या में पीड़ित परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग भी मौके पर डटे रहे। परिजनों ने आश्वासन पर सहमति जताई, जबकि मामले में आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया जारी है।

