एचआरआईटी विश्वविद्यालय के नए ऑडिटोरियम का उद्घाटन, शिक्षा सुधार और युवाओं के मुद्दों पर हुआ मंथन

यूपी – गाजियाबाद। एचआरआईटी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को नए ऑडिटोरियम का उद्घाटन समारोह उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने रिबन काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में सांसद कैप्टन बृजेश चौटा, सांसद अतुल गर्ग, बीजेवाईएम के राष्ट्रीय महासचिव रोहित चहल, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिनव प्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष रजत चौधरी, राष्ट्रीय टीम सदस्य धनंजय शर्मा, विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. अनिल अग्रवाल, प्रो-कुलाधिपति डॉ. अंजुल अग्रवाल तथा कुलपति प्रो. (डॉ.) डी.के. शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में तेजस्वी सूर्या ने छात्रों से संवाद करते हुए दिल्ली में चल रहे छात्र प्रदर्शनों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि छात्रों के सवाल और सुझाव संसद तक पहुंचाए जाएंगे। सरकार प्रश्नपत्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है तथा तकनीकी सुधारों पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, फास्ट ट्रैक कोर्ट की आवश्यकता और प्रश्नपत्र लीक जैसी घटनाओं के त्वरित समाधान के लिए सभी दलों से संसद में सार्थक चर्चा का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व आंदोलन को भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। पत्थरबाजी और हिंसा करने वाले वास्तविक छात्र नहीं हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि न तो लाठीचार्ज उचित है और न ही हिंसा स्वीकार्य। कार्यक्रम का समापन छात्रों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार के संकल्प के साथ हुआ।