
यूपी – गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार की स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट परियोजना के तहत कौशांबी क्षेत्र में डाबर चौराहे से आनंद विहार तथा कामदगिरि टावर के पीछे से जयपुरिया, सतपुड़ा, उदयगिरि, पचमढ़ी होते हुए ईडीएम मॉल तक सड़क एवं आधारभूत सुविधाओं के निर्माण कार्य का शुभारंभ हो गया है। करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना नगर निगम के माध्यम से कराई जा रही है।
पूर्व पार्षद डॉ. मनोज गोयल ने निर्माण स्थल पर पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया और ठेकेदार के इंजीनियरों से गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य इस प्रकार किया जाए कि भविष्य में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो तथा सड़क और अन्य निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप हों। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।
डॉ. मनोज गोयल ने इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महापौर सुनीता दयाल, प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा तथा नगर आयुक्त विक्रमादित्य मलिक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से कौशांबी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
निरीक्षण के दौरान समाजसेवी एवं जयपुरिया एन्क्लेव के उपाध्यक्ष एस.आर. सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने भी अधिकारियों को क्षेत्र की आवश्यकताओं से जुड़े सुझाव देकर निर्माण कार्य को बेहतर ढंग से पूरा करने पर बल दिया।

