
यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी गाजियाबाद महानगर के तत्वावधान में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल के नेतृत्व में सदर विधानसभा का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विधानसभा चुनाव-2027 को ध्यान में रखते हुए बूथ संगठन को और अधिक मजबूत बनाना तथा बूथ अध्यक्षों को संगठनात्मक जिम्मेदारियों के प्रति सक्रिय करना रहा।
क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और बूथ अध्यक्ष संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं। उन्होंने “बूथ जीता, चुनाव जीता” के मंत्र के साथ बूथ समितियों और पन्ना प्रमुखों को सक्रिय रखने, नियमित बैठकें करने तथा घर-घर संपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं तक पार्टी की नीतियां और जनकल्याणकारी योजनाएं पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित योजनाओं को प्रत्येक मतदाता तक पहुंचाने पर जोर दिया।
लोकसभा सांसद अतुल गर्ग ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने बूथ अध्यक्षों को विधानसभा चुनाव-2027 में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठनात्मक रूप से सक्रिय रहने की सलाह दी।
सदर विधायक संजीव शर्मा ने मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में पुनः भाजपा सरकार बनाने का लक्ष्य दोहराते हुए कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।
सम्मेलन में मंडल अध्यक्ष महिमा गुप्ता, पवन शर्मा, धर्मेंद्र सिंह, हेमराज माहौर और वरुण नागर, मंडल प्रभारी प्रदीप चौहान, गौरव चोपड़ा और पंकज भारद्वाज, विधानसभा संयोजक संजयकांत शर्मा सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

