
यूपी – गाजियाबाद। पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने आवास विकास वसुंधरा क्षेत्र में मान्यता प्राप्त निजी भवनों में संचालित विद्यालयों को सील किए जाने संबंधी नोटिस का विरोध करते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर विद्यार्थियों और विद्यालयों के हित में सीलिंग की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन से जुड़े करीब 25 विद्यालयों में 10 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इन विद्यालयों में सैकड़ों शिक्षक, शिक्षिकाएं एवं अन्य कर्मचारी कार्यरत हैं, जिनकी आजीविका इन संस्थानों पर निर्भर है। उन्होंने कहा कि विद्यालय वर्षों से निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं। यदि सीलिंग की कार्रवाई होती है तो हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होगी और कर्मचारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री से विद्यार्थियों के भविष्य और कर्मचारियों के हितों को देखते हुए न्यायोचित समाधान कराने का आग्रह किया। कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा ने संबंधित अधिकारियों से वार्ता कर उचित समाधान कराने का आश्वासन दिया। सकारात्मक आश्वासन मिलने पर एसोसिएशन ने मंत्री का आभार जताया।
प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष संजय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष डॉ. उदय रस्तोगी, सचिव डॉ. सुनील सिंह, भूपेंद्र तोमर, ओंकार सिंह, उमेश पंत, प्रदीप शर्मा, बी.एन. तिवारी, राकेश, जय भगवान, राजकुमार, संजय चौहान, सत्यवीर चौधरी, रेणु राजपूत, अमित यादव, सुमित, हरेंद्र, पुष्पा और सीमा सहित अनेक सदस्य मौजूद रहे।

