श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम में विराजे मां दुर्गा व हरीगिरेश्वर महादेव, 7 नवंबर को होगी महाकाली की प्राण प्रतिष्ठा

यूपी – गाजियाबाद/मुरादनगर। आषाढ़ मास की गुप्त नवरात्रि की अष्टमी पर श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम में पांच दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा अनुष्ठान संपन्न होने के बाद मां दुर्गा अपने परिवार सहित तथा हरीगिरेश्वर महादेव की दिव्य प्रतिमाएं स्थापित की गईं। आयोजन श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक हरिगिरी महाराज के निर्देश और महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जूना अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता एवं तेरह मढ़ी के अध्यक्ष नारायण गिरी सहित अनेक संत मौजूद रहे।

महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरी ने अपनी शिष्या महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरी को श्री महाकाली पीठ हनुमत धाम का पीठाधीश्वर घोषित किया। उन्होंने बताया कि 7 नवंबर 2026, छोटी दीपावली के दिन महाकाली की प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर का लोकार्पण किया जाएगा। नारायण गिरी ने कहा कि यह मंदिर शीघ्र ही पूरे मुरादनगर क्षेत्र की पहचान बनेगा।

समारोह में यति रामानंद, यति सत्यदेवानंद, यति रणसिंहानंद गिरी, यति परमात्मानंद गिरी, यति महादेवानंद गिरी और यति अभयानंद सहित देशभर से आए संन्यासियों ने भाग लिया। मुख्य यजमान संजीव त्यागी (काकड़ा) और सतीश त्यागी (नासिरपुर) रहे। महाकाली वाहिनी तथा परशुराम जन कल्याण सेवा समिति ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समाजसेवी बॉबी पंडित और उनकी समिति की ओर से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

इस अवसर पर मंदिर के लिए 21 लाख रुपये का सहयोग देने वाले विकास त्यागी सहित अन्य दानदाताओं का सम्मान किया गया। समारोह में चौधरी सत्यपाल सिंह, डॉ. सत्या त्यागी, महाकाली मधु, संध्या, गीता, श्वेता, ज्योति, तनु, शैलजा, अरुण शर्मा, शालिनी, विजय लक्ष्मी, बॉबी पंडित, पं. अरुण शर्मा, पं. मनोज शर्मा, पं. शशिकांत शर्मा, पं. प्रवेश कौशिक, पं. लाल प्रधान, पं. राजेंद्र शर्मा, पं. राकेश शर्मा, पं. संदीप शर्मा और पं. सचिन शर्मा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।