
यूपी – शामली। उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार मंत्री नरेंद्र कश्यप ने मंगलवार को थानाभवन विधानसभा क्षेत्र में आयोजित संगठनात्मक बैठकों और बूथ सम्मेलन में कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ संगठन है और यदि बूथ मजबूत होगा तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित होगी।

निरीक्षण भवन में जनप्रतिनिधियों, संगठन पदाधिकारियों और दिव्यांगजन प्रकोष्ठ की बैठक के बाद वंदना गार्डन, मेला ग्राउंड में विशाल बूथ सम्मेलन आयोजित हुआ। नरेंद्र कश्यप ने कार्यकर्ताओं को प्राथमिक सदस्य, सक्रिय सदस्य, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख और पन्ना समितियों का अद्यतन विवरण तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों, सहकारिता संस्थाओं, बोर्ड-निगमों तथा अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, महिला और युवा मतदाताओं का डाटा तैयार करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने, महापुरुषों के स्मारकों की स्वच्छता, सामाजिक कार्यक्रमों में भागीदारी, प्रत्येक बूथ का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने, 70 वर्ष से अधिक आयु एवं दिव्यांग मतदाताओं की अलग सूची तैयार करने तथा नमो ऐप और सरल ऐप के अधिकाधिक उपयोग का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है।
सम्मेलन में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुरेश राणा, जिलाध्यक्ष रामजीलाल कश्यप, जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह, आनंद पूनिया, विशेष सरोहा, जिला मंत्री भूपेंद्र चौधरी, बृजेश वाल्मीकि, ठाकुर सोमवीर सिंह, डायरेक्टर कोऑपरेटिव दीपक, जयपाल प्रधान, रोहित विश्वकर्मा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष रेनू, मंडल अध्यक्ष राकेश राणा, रविंद्र सैनी, पवन गौतम, नीरज सैनी तथा जिला पंचायत सदस्य एवं गन्ना समिति अध्यक्ष राजेश सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बूथ कार्यकर्ता मौजूद रहे।

