यूपी – गाजियाबाद। कैलाश मानसरोवर यात्रा-2026 के अंतर्गत इंदिरापुरम स्थित कैलाश मानसरोवर भवन में यात्रा के द्वितीय बैच के 50 सदस्यों का गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा श्रद्धा, सम्मान और आत्मीयता के साथ भव्य स्वागत किया गया। इस बैच में 48 श्रद्धालु एवं दो लायजन ऑफिसर शामिल हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आस्था, अध्यात्म एवं भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के संकल्प के अनुरूप जीडीए द्वारा यात्रा के सफल संचालन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इस वर्ष करीब एक हजार श्रद्धालुओं के इस पावन यात्रा में शामिल होने की संभावना है।
यात्रियों के पांच दिवसीय प्रवास के दौरान सुरक्षित आवास, सात्विक एवं पौष्टिक भोजन, योग-प्राणायाम, स्वास्थ्य परीक्षण, 24 घंटे चिकित्सा सहायता एवं एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अलावा भजन-संध्या, आध्यात्मिक साहित्य और यात्रा संबंधी मार्गदर्शन की भी व्यवस्था की गई है।
जीडीए अधिकारियों द्वारा सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु को आध्यात्मिक गरिमा, सुरक्षा और सुविधाओं से युक्त वातावरण मिल सके। प्राधिकरण ने सभी शिवभक्तों की मंगलमय, सुरक्षित और सफल कैलाश मानसरोवर यात्रा की कामना की है।






