यूपी – गाजियाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा एवं मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/यातायात राजकरन नैय्यर ने रिजर्व पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। बैठक में डीसीपी नगर, ट्रांस हिंडन, ग्रामीण, डीसीपी यातायात, सभी सहायक पुलिस आयुक्त एवं थाना प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में संवेदनशील स्थलों की पहचान कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने, कांवड़ मार्गों पर सुचारु यातायात संचालन, प्रभावी डायवर्जन व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा भीड़ नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। राजकरन नैय्यर ने ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी बढ़ाने तथा असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए।
मोहर्रम के अवसर पर निकलने वाले जुलूसों, ताजिया मार्गों और प्रमुख आयोजनों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्थानीय आयोजकों एवं धर्मगुरुओं के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और हर स्तर पर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने पर जोर दिया गया। गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट द्वारा दोनों पर्वों को सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा और यातायात कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है।






