यूपी – गाजियाबाद। जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल, विजयनगर के प्रतिभाशाली युवा हॉकी खिलाड़ी करन गौतम के भारत की अंडर-हॉकी टीम में चयन होने पर विद्यालय परिसर में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने करन गौतम का जोरदार स्वागत किया।
करन गौतम ने जापान सहित विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल और गाजियाबाद बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश एवं देश का गौरव बढ़ा है।
समारोह को संबोधित करते हुए जेकेजी इंटरनेशनल स्कूल ग्रुप के चेयरमैन जे.के. गौड़ ने कहा कि करन गौतम की सफलता युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, मेहनत और समर्पण के बल पर करन ने यह मुकाम हासिल किया है।
कार्यक्रम में उपस्थित विद्यार्थियों ने करन गौतम का उत्साहवर्धन किया और उनकी उपलब्धियों पर गर्व व्यक्त किया। करन गौतम ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए युवाओं से खेलों में सक्रिय भागीदारी और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। समारोह के अंत में उन्हें स्मृति चिह्न एवं शुभकामनाएं प्रदान की गईं।






