यूपी – गाजियाबाद। भारतीय जनता पार्टी महानगर गाजियाबाद के अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र की मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और अल्पसंख्यकों के लिए किए गए कार्यों को प्रमुखता से रखा गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सैयद हबीब हैदर, जनसंपर्क अभियान के प्रदेश प्रभारी सैयद अहसान अख्तर, प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी जमालुद्दीन अल्वी, पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष जावेद खान सैफी, युवा मोर्चा अध्यक्ष एवं महानगर उपाध्यक्ष सचिन डेढ़ा तथा गाजियाबाद लोहा विक्रेता मंत्री अतुल जैन मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पिछले 12 वर्षों के दौरान देश और प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति को समाप्त कर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ सभी वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया गया है।
नेताओं ने बताया कि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था लागू होने से छात्रवृत्ति घोटालों पर पूरी तरह रोक लगी है। उत्तर प्रदेश एवं गाजियाबाद के 16 हजार से अधिक मदरसों को ऑनलाइन पोर्टल से जोड़कर उनका आधुनिकीकरण किया गया है, जिससे छात्र कंप्यूटर, विज्ञान और गणित जैसी आधुनिक शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
प्रेस वार्ता में सिख समाज के लिए करतारपुर कॉरिडोर, लंगर को जीएसटी से मुक्त किए जाने, वीर बाल दिवस की घोषणा तथा पंच तख्त यात्रा के लिए आर्थिक सहायता जैसे निर्णयों की सराहना की गई। साथ ही जैन समाज की प्राचीन भाषाओं प्राकृत और पाली को शास्त्रीय भाषा का दर्जा देने तथा सम्मेद शिखर की पवित्रता बनाए रखने के निर्णय को ऐतिहासिक बताया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महानगर अध्यक्ष बलप्रीत सिंह, संयोजक एवं महानगर महामंत्री राकेश जैन, नामित पार्षद एवं महामंत्री परविंदर सिंह पम्मी तथा अतुल जैन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर समीर अहमद, जावेद मलिक, अशफाक अंसारी, जाहिद अल्वी, हिना जाफरी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






