यूपी – गाजियाबाद। जिला कांग्रेस कमेटी गाजियाबाद ने ग्रेट निकोबार द्वीप में प्रस्तावित विकास परियोजना के विरोध में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया है। जिला अध्यक्ष सतीश शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान 8 जून से प्रारंभ होकर 15 जून तक जिले के सभी नगरों और ब्लॉकों में चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य आम जनता को परियोजना के संभावित पर्यावरणीय और सामाजिक प्रभावों के प्रति जागरूक करना है।
सतीश शर्मा ने कहा कि ग्रेट निकोबार देश की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है, जहां की जैव विविधता, घने वन क्षेत्र, समुद्री पारिस्थितिकी और आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखना राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की प्रस्तावित परियोजना पर्यावरण संतुलन और स्थानीय समुदायों के हितों के विपरीत है। कांग्रेस इस मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चला रही है।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान केवल राजनीतिक नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा जन आंदोलन है। पार्टी कार्यकर्ता जनसंपर्क के माध्यम से हस्ताक्षर एकत्र कर जनता की आवाज सरकार तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, जयवीर सिंह, जिला महामंत्री महफूज अली, राजू शर्मा, विनोद धाम, हाजी खुर्शीद अली, उदय सिंह पाल, सीमा नजमीन, रूबी मलिक, जितेंद्र शर्मा, भूपेंद्र सिंह सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






