यूपी – ग्रेटर नोएडा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित 5वें ऑल इंडिया मेयर एवं आरडब्ल्यूए शिखर सम्मेलन में देश के विभिन्न शहरों के महापौरों, पर्यावरण विशेषज्ञों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने वायु प्रदूषण नियंत्रण और स्वच्छ शहरी विकास पर मंथन किया। सम्मेलन में सभी महापौरों ने स्वीकार किया कि कूड़े का निस्तारण खुले में नहीं होना चाहिए और इसके लिए वैज्ञानिक व्यवस्था अपनाई जानी चाहिए।

मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. सोमेंद्र तोमर ने आयोजन की सराहना करते हुए प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े पांचों प्रस्तावों पर सहमति जताई। कोरवा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी (वीर चक्र) ने पौधारोपण और वर्टिकल गार्डनिंग को समय की आवश्यकता बताया। सम्मेलन में प्रत्येक जिले में मासिक कार-फ्री डे, श्मशान घाटों पर मोक्षदा प्रणाली, डंपिंग ग्राउंड के स्थान पर सैनिटरी लैंडफिल, मेट्रो व फ्लाईओवर पिलर्स पर वर्टिकल गार्डनिंग तथा ई-वेस्ट कलेक्शन सेंटर स्थापित करने के प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।
कार्यक्रम में राजन छिब्बर, सुमन बहमानी, पी. गड़प्पा, स्वदेश कुमार, डॉ. पवन कौशिक, बी.टी. श्रीनिवासन, कैलाश चंद्र शर्मा, जय दीक्षित, प्रो. राजेंद्र पवार, चेतन शर्मा, डॉ. आर.के. आर्या, मेजर जनरल डॉ. श्री पाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. ज्योति चौधरी, थंगा वेलु, ज्ञान सिंह, आर.सी. तिवारी, सौरभ गांधी और राज शर्मा को ग्रीन इंडिया अवार्ड से सम्मानित किया गया।






