यूपी – गाजियाबाद। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के मुख्य कार्यालय, राइटगंज घंटाघर में आयोजित कार्यक्रम में राजनगर एक्सटेंशन एवं मालीवाड़ा व्यापार मंडल की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर संगठन को मजबूत बनाने और व्यापारी हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

नई कार्यकारिणी में राजनगर एक्सटेंशन व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, महामंत्री अभिनव त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अरुण कुमार अर्जुन तथा कोषाध्यक्ष वैभव त्यागी को मनोनीत किया गया। वहीं मालीवाड़ा व्यापार मंडल के अध्यक्ष राजीव कुमार सोनू और महामंत्री विनीत शर्मा बनाए गए।
कार्यक्रम में संदीप बंसल, दीपक गर्ग, प्रेम प्रकाश चीनी और नरेंद्र कुमार बिल्लू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि व्यापारियों की एकता ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और मजबूत संगठन ही उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करा सकता है। उन्होंने नवमनोनीत पदाधिकारियों से व्यापारी हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को सदस्यता प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने अंगवस्त्र पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के अंत में व्यापारियों ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज सेवा के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लिया।






