यूपी – गाजियाबाद। उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा प्रवर्तन जोन-03 क्षेत्र में अवैध निर्माण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई 05 जून 2026 को प्रभारी प्रवर्तन जोन-03 के नेतृत्व में की गई।

कार्यवाही के दौरान खसरा संख्या 1618, 1619, 1620, 1627, 1628, 1629 एवं 1630, ग्राम डासना देहात, कल्लूगढ़ी में लगभग 44 बीघे भूमि पर मौ. दानिश एवं नितिन द्वारा किए गए अनाधिकृत विकास कार्यों को ध्वस्त किया गया। इसी प्रकार खसरा संख्या 8 एवं 9, मटियाला, कनौजा मार्ग पर लगभग 9000 वर्गमीटर क्षेत्र में धनेश कुमार, चमन प्रकाश, मनोज चौधरी, सुशील चौधरी, अनिल वर्मा, अजय वर्मा एवं अन्य द्वारा किए गए अवैध निर्माण पर भी कार्रवाई की गई।
इसके अतिरिक्त खसरा संख्या 1630, डासना निकट कल्लूगढ़ी, जल निगम रोड पर रवि शंकर शर्मा द्वारा लगभग 250 वर्गमीटर क्षेत्र में किए जा रहे भवन निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान स्थानीय निर्माणकर्ताओं द्वारा विरोध किया गया, जिसे प्राधिकरण पुलिस बल की सहायता से नियंत्रित किया गया।
ध्वस्तीकरण के समय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर, मेट, स्थानीय पुलिस बल एवं प्राधिकरण पुलिस बल उपस्थित रहे।






